राष्ट्रपति और राज्यपाल ने किया वात्सल्य ग्राम का भ्रमण, दीदी मां साध्वी ऋतंभरा ने किया स्वागत

20 Mar 2026 23:53:53
ग्रुप फोटो छात्राओं के साथ राष्ट्रपति और इंसेट में दीदी मां ऋतम्भरा राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए


वात्सल्य ग्राम सैनिक स्कूल की छात्राओं ने राष्ट्रपति संग करवाया ग्रुप फोटो

मथुरा, 20 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार शाम वात्सल्य ग्राम का भ्रमण किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का स्वागत दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा द्वारा किया गया। स्वागत के दौरान छोटे-छोटे बच्चों द्वारा वैदिक मंत्रों का उच्चारण किया गया। स्वागत के उपरांत वात्सल्य ग्राम स्थित समविद् गुरुकुलम सैनिक स्कूल में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एवं राज्यपाल को समविद् गुरुकुलम सैनिक स्कूल की छात्राओं द्वारा मार्चपास्ट करते हुए कार्यक्रम स्थल तक लेकर जाया गया। समविद् गुरुकुलम सैनिक स्कूल परिसर में सभी ने महामहिम राष्ट्रपति के साथ ग्रुप फोटो खिंचवाई, जिसमें स्कूल के मैनेजमेंट एवं सैन्य छात्राएं उपस्थित रही।

सैन्य छात्राओं के साथ फोटो के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल ने गोल्फ कार्ट के माध्यम से गोकुलम हेतु प्रस्थान किया। उन्होंने गोल्फ कार्ट के माध्यम से सम्पूर्ण परिसर का भ्रमण किया तथा भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर बच्चों द्वारा प्रदर्शित की जा रही प्रतिभाओं का अवलोकन किया, जिसमें जूडो कराटे, बैडमिंटन, घुड़सवारी, मार्च पास्ट, बैंड टोली आदि सम्मलित थी।

गोकुलम आगमन पर बच्चों द्वारा महामहिम राष्ट्रपति का तख्ती पर लिखे विभिन्न संदेशों के माध्यम से स्वागत किया गया। सिया परमानन्द ने वेद मन्त्रों से स्वागत किया। महामहिम राष्ट्रपति ने गोकुलम में यशोदा माताएँ और बच्चों से मिलकर उनके बारे में जाना। गोकुलम के बेटी-दामादों एवं यशोदा माताओं, बच्चों से मिलकर हर्ष व्यक्त करते हुए दीदी माँ साध्वी ऋतंभरा जी के कार्यों की महामहिम राष्ट्रपति ने सराहना की। राष्ट्रपति ने बच्चों द्वारा किए जा रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों (नृत्य) का अवलोकन किया तथा उनके साथ छायाचित्र खिंचवाया। उसके पश्चात महामहिम राष्ट्रपति एवं महामहिम राज्यपाल ने गुफा में विराजित सिंदूर से बने माँ सर्वमंगला के विग्रह के दर्शन कर पूजन-अर्चन किया। उन्होंने आरती की तथा विधि-विधान से पूजा करते हुए भगवान/ आराध्य जी का स्मरण किया। महामहिम राष्ट्रपति ने भगवान शिव जी पर कलश के माध्यम से जल डाला/चढ़ाया। उन्होंने भ्रमण के दौरान गौ-सेवा भी किया। वात्सल्य ग्राम के भ्रमण के समय कृष्णा ब्रह्मरतन विद्या मन्दिर एवं वैशिष्टम के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों माध्यम से भव्य स्वागत किया। स्थान-स्थान पर वात्सल्य निवासिओं ने श्लोगन पट्टिकाएं व तिरंगा एवं भगवा ध्वज लहराकर स्वागत किया। इस अवसर पर मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा विभाग संदीप सिंह, संजय गुप्ता, सुमनलता, साध्वी शिरोमणि, स्वामी सत्यशील आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Powered By Sangraha 9.0