देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों का उत्पादन फरवरी में घटकर 2.3 फीसदी पर

20 Mar 2026 18:58:53
बुनियादी उद्योगों के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स)। देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों की वृद्धि दर फरवरी महीने में घटकर 2.3 फीसदी रही, जो तीन महीने का निचला स्तर है। पिछले साल इसी महीने में यह 3.4 फीसदी थी। जनवरी में यह वृद्धि दर 4.7 फीसदी रही थी।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी आंकड़े में बताया कि फरवरी में देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों (कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, रिफाइनरी उत्पाद, उर्वरक, इस्पात, सीमेंट, बिजली) का संयुक्त उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में 2.3 फीसदी बढ़ा है। मंत्रालय के मुताबिक फरवरी में सीमेंट, इस्पात, उर्वरक, कोयला और बिजली के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। इस दौरान कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस और रिफाइनरी उत्पादों के उत्पादन में गिरावट दर्ज की गई। आठ बुनियादी उद्योगों की वृद्धि अप्रैल से फरवरी के दौरान 2.9 फीसदी रही, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 4.4 फीसदी रही थी।

देश के आठ प्रमुख बुनियादी उद्योगों के ये आंकड़े भारत की औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) के प्रमुख संकेतक हैं, जो देश की कुल औद्योगिक वृद्धि दर में 40 फीसदी से अधिक का योगदान देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0