दिल्ली मेरा दूसरा घर, खेलने के लिए बहुत उत्साहित हूं : अक्षर पटेल

20 Mar 2026 19:09:55
अक्षर पटेल (फोटो- दिल्ली कैपिटल्स)


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा है कि वह दिल्ली आकर बहुत ही उत्साहित हैं और यह शहर उनका दूसरा घर बना गया है।

फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में अक्षर पटेल ने कहा कि दिल्ली में आके मजा आता है। अपना सा अहसास होता है। पिछले आठ साल से यहां आ रहा हूं तो यह मेरा दूसरा घर ही बन गया है।

स्टार ऑलराउंडर ने कहा कि दिल्ली में दोबारा खेलने के लिए बहुत ही उत्साहित हूं। पिछले साल जितना प्यार मिला और जब आप बहुत बड़ी उपलब्धि (टी20 विश्वकप ट्रॉफी) के बाद पहले घर (अहमदाबाद, गुजरात) से इतना प्यार लेकर दूसरे घर (दिल्ली) आ रहे हैं तो मुझे लगता है और प्यार मिलेगा। उसकी वजह से बहुत ही उत्साहित महसूस कर रहा हूं कि पहला मैच दिल्ली में खेलेंगे तो कैसा माहौल रहेगा। तो हां नर्वस हूं, लेकिन बहुत उत्साहित भी हूं।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है। अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स अपने अभियान का आगाज एक अप्रैल को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ करेगी। दिल्ली अब तक कोई भी आईपीएल खिताब नहीं जीत पाई है। ऐसे में उसे अपनी पहली आईपीएल ट्रॉफी का इंतजार है।

अक्षर पटेल 2019 से दिल्ली कैपिटल्स के साथ हैं। उन्होंने सात सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के लिए 94 मैच खेले हैं। पिछले साल उन्होंने 12 मैचों में 263 रन बनाए थे और पांच विकेट हासिल किए थे। उनकी कप्तानी में टीम पिछले सीजन 14 मैचों में सात जीत के साथ पांचवे स्थान पर रही थी।अक्षर ने ओवरऑल 162 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 1916 रन और 128 विकेट दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0