प्रीमियम पेट्रोल के दाम में 2.30 रुपये की बढ़ोत्तरी, सामान्य पेट्रोल का दाम स्थिर

20 Mar 2026 16:11:53
पेट्रोल पंप के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स)। पश्चिम एशिया संकट के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दाम 2 रुपये से लेकर 2.30 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाये हैं, जबकि सामान्य पेट्रोल का भाव स्थिर है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सार्वजनिक क्षेत्र की तेल एवं गैस विपणन कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल की कीमतें 2 रुपये से लेकर 2.30 रुपये तक बढ़ा दी हैं। हालांकि आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की बात यह है कि नियमित (रेगुलर) पेट्रोल की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोत्तरी नहीं किया गया है। यह बदलाव आज (शुक्रवार) सुबह 6 बजे से ही पूरे देश में लागू हो चुके हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक इस ईंधन पर प्रति लीटर इनमें हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का ‘पावर’ पेट्रोल और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) का ‘एक्सपी95’ (XP95) जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। आमतौर लोग अपनी महंगी कारों और आधुनिक बाइक्स में स्मूथ इंजन परफॉरमेंस की उम्मीद में प्रीमियम पेट्रोल को प्राथमिकता देते हैं।

यह फैसला मुख्य रूप से मध्य पूर्व में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक ईंधन बाजारों पर इसके बढ़ते प्रभाव के कारण लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि ईरान-इजरायल और अमेरिका बीच जारी जंग के चलते ब्रेंट क्रूड ऑयल के दाम आज 109.54 डॉलर प्रति बैरल पर हैं। एक दिन पहले कच्चे तेल का दाम 117.98 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था। वहीं, भारत में क्रूड की कीमतें लगभग दोगुनी होकर 146 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई हैं। भारत इराक, सऊदी अरब, रूस, यूएई से कच्चा तेल खरीदता है। इनमें अलग-अलग तरह के तेलों की कीमतों का जो औसत निकाला जाता है, उसे ही 'इंडियन बास्केट' कहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0