प्राइम वीडियो ने खोले पत्ते, 55 नई सीरीज़ और फिल्मों का ऐलान

20 Mar 2026 14:34:53
प्राइम वीडियो - फोटो सोर्स एक्स


भारत में मनोरंजन के प्रमुख प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने अपने 'प्राइम वीडियो प्रेज़ेंट्स 2026' कार्यक्रम में अब तक की सबसे बड़ी भारतीय ओरिजिनल्स स्लेट की घोषणा की है। इस लाइनअप में करीब 55 नई सीरीज़ और फिल्में शामिल हैं, जो विभिन्न भाषाओं और फॉर्मेट्स में दर्शकों के लिए पेश की जाएंगी।

इस भव्य स्लेट में हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में स्क्रिप्टेड और अनस्क्रिप्टेड कंटेंट का व्यापक मिश्रण देखने को मिलेगा। प्रमुख नई परियोजनाओं में निखिल आडवाणी की 'द रिवोल्यूशनरीज़', विजय वर्मा अभिनीत 'मटका किंग', अली फज़ल और सोनाली बेंद्रे की 'राख', रैपर किंग की 'लुक्खे' और भारत की पहली हिंदी सुपरहीरो सीरीज़ 'वंश : द कलयुग वॉरियर्स' शामिल हैं।

इसके अलावा, दर्शकों की पसंदीदा सीरीज़ के नए सीज़न भी इस लाइनअप का हिस्सा हैं। इनमें 'फर्जी सीज़न 2', 'पंचायत सीज़न 5', 'कॉल मी बे सीज़न 2', 'दुपहिया सीज़न 2', 'दहाड़ सीज़न 2' और 'द ट्रेटर्स' सीज़न 2' शामिल हैं।

प्राइम वीडियो ने क्षेत्रीय कंटेंट में भी बड़ा विस्तार किया है। तेलुगु, तमिल और अन्य भाषाओं में कई नई और लोकप्रिय कहानियों को शामिल करते हुए यह प्लेटफॉर्म विविधता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी में है।

इस मौके पर नए सहयोगों की भी घोषणा की गई। ऋतिक रोशन की एचआरएक्स फिल्म्स स्ट्रीमिंग में 'स्टॉर्म' और 'मेस' के साथ कदम रखेगी, जबकि आलिया भट्ट की इटरनल सनशाइन प्रोडक्शंस 'डोंट बी शाय' लेकर आएगी।

कार्यक्रम में अमेज़न एमजीएम स्टूडियोज़ इंडिया की पांच नई थिएटर फिल्मों की भी घोषणा हुई, जिनमें 'रफ्तार', 'वाइब', 'दिलकशी', 'नई नवेली' और 'कुकू की कुंडली' शामिल हैं। ये फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के बाद प्राइम वीडियो पर डिजिटल प्रीमियर के रूप में उपलब्ध होंगी।

प्राइम वीडियो इंडिया की डायरेक्टर और हेड ऑफ बिज़नेस शिलांगी मुखर्जी ने कहा कि यह स्लेट कंपनी के नए दौर की शुरुआत है और इसमें विविधता के साथ उच्च गुणवत्ता वाली कहानियां दर्शकों को देखने को मिलेंगी। वहीं, हेड ऑफ ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने कहा कि यह अब तक का सबसे बड़ा ओरिजिनल लाइनअप है, जो भारतीय और वैश्विक दर्शकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

प्राइम वीडियो का यह नया कंटेंट स्लेट न केवल भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी भारतीय कहानियों को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0