शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स और निफ्टी उछले

20 Mar 2026 10:32:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी का रुख नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली भी होती रही, इसके बावजूद दोनों सूचकांक लगातार हरे निशान में ही बने रहे। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 1.12 प्रतिशत और निफ्टी 1.07 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कोल इंडिया, जेएसडब्ल्यू स्टील और टेक महिंद्रा के शेयर 4.17 प्रतिशत से लेकर 2.69 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, एचडीएफसी बैंक, श्रीराम फाइनेंस, एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और बजाज फाइनेंस के शेयर 1.33 प्रतिशत से लेकर 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,667 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,375 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 292 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 2 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 शेयर हरे निशान में और 6 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 352.14 अंक की मजबूती के साथ 74,559.38 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में हो रही चौतरफा लिवाली के कारण पहले 20 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स उछल कर 75,204.64 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 830.44 अंक की बढ़त के साथ 75,037.68 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 108 अंक उछल कर 23,110.15 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से सुबह 9:30 के करीब निफ्टी 315 अंक से अधिक उछल कर 23,319.70 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो जाने के कारण यह सूचकांक भी ऊपरी स्तर से नीचे लुढ़क गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 245.20 अंक की मजबूती के साथ 23,247.35 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 2,496.89 अंक यानी 3.26 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 74,207.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 775.65 अंक यानी 3.26 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,002.15 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0