तेलंगाना: गोदावरी नदी में नहाने गए इंजीनियरिंग के 5 छात्र लापता

20 Mar 2026 17:54:53

हैदराबाद, 20 मार्च (हि.स.)। तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल भद्राचलम के पास गोदावरी नदी में नहाने गए इंजीनियरिंग के पांच छात्र लापता हो गए हैं। ये सभी छात्र एसआरएम इंजीनियरिंग कॉलेज अमरावती में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, यह घटना आंध्र प्रदेश के कुकुनूर मंडल के वेलैरु क्षेत्र में तब घटित हुई, जब सात छात्रों का एक समूह शुक्रवार को गोदावरी नदी के किनारे घूमने और फोटो खींचने गया था। इसी दौरान पानी में उतरते समय गहराई का सही अंदाजा न लग पाने के कारण वे अचानक फिसल गए और तेज धारा में बहने लगे। इस हादसे में पांच छात्र डूब गए, जबकि दो छात्र किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे।

छात्रों के समूह में श्रीकर, अभिलाष, हर्षा, दीपक, तेजा, सतीश और नवदीप शामिल थे। इनमें से अभिलाष और श्रीकर सुरक्षित बाहर आ गए, जबकि बाकी पांच छात्र अब भी लापता हैं। बताया गया है कि सभी छात्र एक दिन पहले श्री सीतारामचंद्र स्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे और अगले दिन नदी किनारे घूमने गए थे।

कोठागुडेम पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और विशेषज्ञ तैराकों की टीम मौके पर पहुंच गई और लापता छात्रों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। खबर लिखे जाने तक किसी भी छात्र के बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है।

इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी या जलाशयों के पास जाते समय विशेष सतर्कता बरतें और गहरे पानी में उतरने से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।------------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0