तेहरान, 21 मार्च (हि.स.)। मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूज पजशकियान ने ब्रिक्स देशों से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स को ईरान पर हो रहे हमलों को रोकने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
राष्ट्रपति पजशकियान ने कहा कि ब्रिक्स देशों को बिना किसी बाहरी दबाव के स्वतंत्र रूप से काम करना चाहिए और इस मुद्दे पर आगे आकर समाधान की दिशा में प्रयास करना चाहिए। उनका मानना है कि उभरती अर्थव्यवस्थाओं का यह समूह वैश्विक स्तर पर संतुलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
ईरानी राष्ट्रपति ने यह भी प्रस्ताव रखा कि मिडिल ईस्ट के देशों को मिलकर एक नया क्षेत्रीय सुरक्षा तंत्र विकसित करना चाहिए। उनके अनुसार, इससे क्षेत्र में स्थिरता और शांति कायम रखने में मदद मिलेगी और बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप को कम किया जा सकेगा।
इससे पहले, ईरानी राष्ट्रपति ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। इस दौरान पजशकियान ने अमेरिका और इजराइल के हमलों को “अमानवीय” करार दिया। उन्होंने कहा कि ईरान पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं और वास्तविकता यह है कि क्षेत्र में तनाव बढ़ाने के लिए इजराइल जिम्मेदार है।
ईरानी राष्ट्रपति के इस बयान से संकेत मिलता है कि ईरान अब वैश्विक मंचों और समूहों के माध्यम से कूटनीतिक समर्थन जुटाने की कोशिश कर रहा है ब्रिक्स जैसे मंच का उल्लेख यह दर्शाता है कि ईरान पश्चिमी प्रभाव से अलग वैकल्पिक वैश्विक व्यवस्था में अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय