झांसी से जुड़े युवा गोल्फर विहान जैन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिखेरी चमक

21 Mar 2026 21:50:54
विहान का फोटो


कहा- अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करना लक्ष्य

झांसी, 21 मार्च (हि.स.)। झांसी से जुड़े 16 वर्षीय युवा गोल्फर विहान जैन ने अमेरिका के लुइसियाना स्थित ओकविंग गोल्फ क्लब में आयोजित प्रतिष्ठित अमेरिकी जूनियर गोल्फ संघ प्रतियोगिता में शानदार जीत दर्ज कर देश का गौरव बढ़ाया है। 13 मार्च 2026 को हुए मुकाबले में उन्होंने 4-अंडर-पार 212 के कुल स्कोर (72, 68, 72) के साथ खिताब अपने नाम किया और इस प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय बने।

विहान का यह प्रदर्शन उनके लगातार बेहतर होते खेल का परिणाम है। इससे पहले फरवरी 2026 में उन्होंने आईटीसी क्लासिक के दौरान इंडियन एमेच्योर क्वालीफायर भी जीता था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने जूनियर विश्व प्रतियोगिता में शीर्ष-15 और अंतरराष्ट्रीय जूनियर चैंपियनशिप में शीर्ष-20 स्थान हासिल किया है।

पढ़ाई में भी अव्वल विहान वर्तमान में लॉरेल स्प्रिंग्स स्कूल के छात्र हैं और उनका जीपीए 3.97 है, जो उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाता है। उन्हें विश्व एमेच्योर गोल्फ रैंकिंग में शीर्ष 1500 और जूनियर गोल्फ स्कोरबोर्ड में शीर्ष 400 में स्थान मिला है।

विहान का झांसी से गहरा संबंध है। उनके दादा विजय कुमार जैन शहर के प्रसिद्ध व्यापारी हैं। परिवार ने उनकी इस उपलब्धि को गर्व का क्षण बताया। विहान ने अपनी जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। उनका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट खेल दिखाकर देश का नाम रोशन करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Powered By Sangraha 9.0