नाटाे ने इराक मिशन के सभी कर्मियों को यूरोप स्थानांतरित किया

21 Mar 2026 19:24:53
उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटाे)  (फाइल फाेटाे)


ब्रुसेल्स, 21 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटाे) ने एहतियाती कदम उठाते हुए इराक में अपने मिशन के सभी कर्मचारियों को यूरोप स्थानांतरित कर दिया है। क्षेत्र में बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के चलते उठाया गया यह कदम हालात की गंभीरता को दर्शाता है।

अजरबैजान की राज्य समाचार एजेंसी एजेरटैक और तुर्किये की संवाद समिति अनाडाेलू एजेंसी (एए)के अनुसार नाटाे ने इराक में अपने मिशन से सभी कर्मचारियों को यूरोप भेज दिया है। संगठन ने शुक्रवार को बताया कि मौजूदा सुरक्षा हालात और ऑपरेशनल स्थिति में बदलाव को देखते हुए यह फैसला लिया गया।

नाटाे के मुख्यालय एलाइड पावर्स यूरोप के अनुसार मिशन से जुड़े सभी कर्मियों को सुरक्षित रूप से मध्य-पूर्व से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अंतिम जत्था 20 मार्च को इराक से रवाना हुआ। नाटाे के सुप्रीम एलाइड कमांडर यूरोप जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच ने इस प्रक्रिया में सहयोग के लिए इराक और अन्य सहयोगी देशों का आभार जताया। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच मिशन को जारी रखने के लिए कर्मचारियों की सराहना भी की।

गठबंधन ने बताया कि अब नाटाे मिशन इराक, इटली के नेपल्स स्थित जॉइंट फोर्स कमांड से संचालित होगा। यह मिशन गैर-लड़ाकू बना रहेगा और इसका उद्देश्य इराकी सुरक्षा संस्थानों को प्रशिक्षण और सलाह देना है, ताकि वे आतंकवाद से प्रभावी ढंग से निपट सकें।

गौरतलब है कि अमेरिका-इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव के बाद पूरे मध्य-पूर्व में सुरक्षा हालात बिगड़े हैं। ईरान द्वारा ड्रोन और मिसाइल हमलों के जवाबी कदमों ने क्षेत्रीय अस्थिरता को और बढ़ा दिया है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0