हैदराबाद के लोकभवन में मनाया गया बिहार स्थापना दिवस, राज्यपाल ने बिहार के प्रवासियों को बताया संस्कृति का सेतु

युगवार्ता    22-Mar-2026
Total Views |
हैदराबाद लोकभवन में बिहार स्थापना दिवस समारोह


हैदराबाद के लोकभवन में बिहार स्थापना दिवस समारोह


हैदराबाद, 22 मार्च ( हि.स.)। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में स्थित लोकभवन (राजभवन) में 'बिहार स्थापना दिवस' पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने हैदराबाद में रह रहे बिहार के प्रवासियों को 'संस्कृति का सेतु' बताया। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अपनी मेधा, मेहनत और मेहमान नवाजी के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं।

रविवार को राजभवन में 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में बोलकर की। उन्होंने बिहार के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। शुक्ल ने कहा कि लोकतंत्र की जननी और महान सम्राटों व ऋषियों की यह भूमि आज भी देश के विकास में अमूल्य योगदान दे रही है। हमें अपनी विरासत पर गर्व होना चाहिए और जहां निवास करते हैं, वहां की संस्कृति और परम्परा को भी आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सदभावना और आतिथ्य सत्कार बिहार की खास पहचान रही है। बिहार के लोग अपनी मेधा, मेहनत और मेहमान नवाजी के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। राज्यपाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से राष्ट्रीय एकता को बल मिलता है और नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ती है।

कार्यक्रम में बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक के गौरव का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। समारोह में स्थानीय कलाकारों और बिहार मूल के नागरिकों ने लोक गीतों और नृत्य की प्रस्तुतियां दी है। मिथिला की कला और भोजपुरी संस्कृति की झलक ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश वंदना से हुई जिसे छोटी-छोटी बच्चियों ने प्रस्तुत किया। शिव पार्वती संवाद से लेकर श्रीराम-जानकी विवाह की शानदार प्रस्तुति दी गयी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन व संचालन अलका मनोज ने किया। राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान से आरंभ हुए कार्यक्रम के दौरान बिहार के राज्यपाल का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया।

इस अवसर पर तेलंगाना पुलिस के एडीजी (इंटेलिजेंस) विजय कुमार, सीआईएसएफ के डीआईजी शिवकुमार मोहनका, राज्यपाल के प्रधान सचिव दाना किशोर, ओएसडी सुधीर जायसवाल, संगारेड्डी के एसपी पारितोष पंकज, बिहार एसोसिएशन के अध्यक्ष हरेराम सिंह, बिहार फाउंडेशन के चेयरमैन मानवेन्द्र मिश्रा, बिहार समाज सेवा संघ के चेयरमैन राजू ओझा, डॉ. सरज कुमार, मिथिला सांस्कृतिक परिषद के राम विनोद झा, एनएमडीसी के राजभाषा सलाहकार डॉ. देवकुमार पुखराज और देवघर के संत प्रदीप भैया सहित बड़ी संख्या में लाेग माैजूद रहे। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Tags