लोकसभा अध्यक्ष के विरुद्ध लाए गए निष्कासन प्रस्ताव के विरोध में दिल्ली विधानसभा में निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा

22 Mar 2026 22:26:53
दिल्ली विधानसभा  (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। दिल्ली विधानसभा के आगामी बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक शिखा राय द्वारा एक महत्वपूर्ण निंदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। यह प्रस्ताव लोकसभा में कुछ विपक्षी दलों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विरुद्ध लाए गए निष्कासन प्रस्ताव के विरोध में लाया गया हैl

यह प्रस्ताव संसदीय परंपराओं, अध्यक्ष पद की गरिमा तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करने का प्रयास है। यह जानकारी एक विज्ञप्ति के जरिए दी गई है।

इस संदर्भ में दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने पूर्व में लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की थी। विजेंद्र गुप्ता ने कहा था कि संकीर्ण राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित होकर इस प्रकार का प्रस्ताव लाना दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि अध्यक्ष का पद सदन की गरिमा, नियमों एवं परंपराओं का संरक्षक होता है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि लोकसभा में इस प्रस्ताव का ध्वनि मत से खारिज होना पीठासीन अधिकारी के प्रति सदन के विश्वास को दर्शाता है।

गुप्ता ने आगे कहा कि अध्यक्ष का पद भारत की संसदीय व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो निष्पक्षता, संतुलन और संस्थागत अखंडता के साथ कार्य करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे संवैधानिक पदों को राजनीतिक विवादों में घसीटना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना को कमजोर कर सकता है। साथ ही, उन्होंने उन सांसदों की सराहना की जिन्होंने इस प्रयास का विरोध करते हुए संसदीय परंपराओं की गरिमा को बनाए रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0