सैन्य प्रदर्शन में भारतीय सेना की खड़गा कोर ने दिखाया कौशल

22 Mar 2026 20:03:53
jodhpur


इंदिरा गांधी नहर के जल क्षेत्र में किया युद्धक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन

जोधपुर, 22 मार्च (हि.स.)। इंडियन आर्मी की खड़ग़ा कोर ने एक्सरसाइज जल विजय के तहत राजस्थान के रेगिस्थान में इंदिरा गांधी नहर के जल क्षेत्र में अपनी युद्धक क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस दौरान फाइटिंग फॉर्मेशन ने पानी जैसी चुनौतीपूर्ण बाधा को पार करते हुए तेज गति और सटीक रणनीति का बेहतरीन परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार अभ्यास का मुख्य उद्देश्य जल अवरोधों को पार करने की रणनीतियों को परखना और युद्ध जैसी परिस्थितियों में तेज़ी से आगे बढ़ऩे की क्षमता को सुनिश्चित करना था। सैनिकों ने आधुनिक उपकरणों और सुनियोजित रणनीति के साथ नहर को पार किया, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता और तालमेल साफ नजर आया। इस दौरान खड़गा कोर ने अपनी उभयचर क्षमता का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह क्षमता सेना को रेगिस्तानी और जलयुक्त दोनों तरह के इलाकों में प्रभावी ढंग से ऑपरेशन करने में सक्षम बनाती है। अभ्यास के जरिए यह साबित हुआ कि सेना हर प्रकार के भू-भाग में समान रूप से दक्ष है।

अभ्यास के अंत में सेना का संदेश स्पष्ट रहा कि कोई भी बाधा उनके हौसले को रोक नहीं सकती। कोई बाधा बहुत बड़ी नहीं, कोई भू-भाग बहुत कठिन नहीं के जज्बे के साथ खडग़ा कोर हर परिस्थिति में आगे बढऩे के लिए तैयार है। यह सैन्य अभ्यास न केवल सेना की तैयारियों को मजबूत करता है, बल्कि देश की सुरक्षा के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। खडग़ा कोर का यह प्रदर्शन आने वाली चुनौतियों के लिए उनकी उच्च स्तर की युद्ध तत्परता का प्रमाण है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

Powered By Sangraha 9.0