सुरक्षा चिंताओं के चलते कोनेरू हम्पी ने एफआईडीई विमेंस कैंडिडेट्स से नाम लिया वापस

22 Mar 2026 23:56:53
सुरक्षा चिंताओं के चलते कोनेरू हम्पी ने एफआईडीई विमेंस कैंडिडेट्स से नाम लिया वापस


नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। भारत की स्टार ग्रैंडमास्टर कोनेरू हम्पी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच आगामी एफआईडीई विमेंस कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है। उन्होंने यह फैसला सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए लिया।

हम्पी ने सोशल मीडिया पर कहा कि गहन विचार के बाद उन्होंने यह कठिन निर्णय लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रतियोगिता से पहले व्यक्तिगत सुरक्षा और मानसिक शांति अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में उन्हें पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं हो रहा है।

यह टूर्नामेंट साइप्रस के पाफोस शहर में 28 मार्च से शुरू होना है। हाल ही में यहां एक ब्रिटिश एयरबेस पर ड्रोन हमला हुआ था, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। यह घटना ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष के व्यापक प्रभाव का हिस्सा मानी जा रही है।

एफआईडीई के नियमों के अनुसार, किसी खिलाड़ी के हटने पर अगली पात्र खिलाड़ी को मौका मिलता है। ऐसे में यूक्रेन की अन्ना मुजिचुक अब हम्पी की जगह टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। यह टूर्नामेंट मौजूदा विश्व चैंपियन जू वेनजुन को चुनौती देने वाली खिलाड़ी तय करेगा।

इससे पहले अमेरिकी ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा ने भी साइप्रस में बिजली कटौती और बुनियादी सुविधाओं को लेकर चिंता जताई थी।

उल्लेखनीय है कि मौजूदा युद्ध के संकट में घिरे पश्चिम एशिया के हालात खेल आयोजनों को भी प्रभावित कर रहे हैं, और खिलाड़ियों की सुरक्षा अब सबसे बड़ी प्राथमिकता बन गई है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0