नेपालः 27 मार्च को रामनवमी के दिन बालेन्द्र शाह लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

22 Mar 2026 16:18:53
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के तरफ से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेन


-बिमस्टेक देशों के प्रतिनिधि आमंत्रित

काठमांडू, 22 मार्च (हि.स.)। नेपाल में नई सरकार का शपथ ग्रहण चैत्र नवरात्रि के रामनवमी के दिन होने जा रहा है। 27 मार्च को बालेन्द्र शाह प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए बिमस्टेक संबद्ध देशों को आमंत्रित किया गया है।

संसद सचिवालय के मुताबिक बालेन्द्र शाह 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि मंत्रियों के शपथ ग्रहण से संबंधित जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया गया है कि बालेन्द्र शाह ज्योतिषीय सलाह पर रामनवमी के दिन शपथ ग्रहण लेने जा रहे हैं।

आरएसपी के महामंत्री कविन्द्र बुरलाकोटी ने भी पुष्टि की है कि बालेन्द्र शाह रामनवमी के दिन आधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के लिए बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल (BIMSTEC) देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।

पार्टी महामंत्री बुरलाकोटी ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में सहभागिता के लिए भारत, भूटान, बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार और थाईलैंड की सरकार को निमंत्रण भेजा गया है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, संसदीय दल की बैठक में बालेन को औपचारिक रूप से नेता चुना जाएगा, जो उन्हें प्रधानमंत्री पद तक पहुंचाने की आवश्यक प्रक्रिया है।

आरएसपी 26 मार्च की सुबह सचिवालय और केंद्रीय समिति की बैठक आयोजित करने जा रही है, जिसमें बालेन्द्र शाह को प्रधानमंत्री नियुक्त करने से पहले पार्टी के महत्वपूर्ण निर्णयों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सचिवालय बैठक में बालेन्द्र शाह को संसदीय दल का नेता प्रस्तावित किया जाएगा। इसके बाद इस प्रस्ताव को केंद्रीय समिति की बैठक में अनुमोदित किया जाएगा। मंजूरी मिलते ही बालेन्द्र तत्काल संसदीय दल के नेता का पद संभाल लेंगे।

पार्टी नेता गणेश पराजुली ने कहा, “26 मार्च को दोपहर 2 बजे पार्टी की बैठक कर बालेन्द्र शाह को संसदीय दल का नेता नियुक्त करने की योजना है। सांसदों के शपथ लेने से पहले सुबह की बैठक में ये निर्णय लिए जाएंगे और शपथ के बाद अन्य प्रक्रियाएं आगे बढ़ेंगी।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0