वेटिकन सिटी, 21 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को लेकर पोप लियो ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ईरान से जुड़े युद्ध को पूरी मानवता के लिए “गलत और शर्मनाक” करार देते हुए तुरंत हिंसा रोकने की अपील की।
पोप लियो ने कहा कि इस संघर्ष में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही है और कई लोग घायल हो रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर चिंता जताई कि सबसे ज्यादा नुकसान निर्दोष नागरिकों को उठाना पड़ रहा है, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि इतने लोगों की पीड़ा को देखकर दुनिया चुप नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि “जो दर्द वहां के लोग झेल रहे हैं, उसे पूरी इंसानियत को महसूस करना चाहिए।”
पोप ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी चिंता सिर्फ पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं है बल्कि दुनिया के अन्य हिस्सों में जारी हिंसा और संघर्ष भी उतने ही गंभीर हैं। उन्होंने वैश्विक स्तर पर शांति और स्थिरता की जरूरत पर जोर दिया।
पोप लियो ने सभी से शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की और कहा कि अब समय आ गया है कि युद्ध को खत्म कर बातचीत और कूटनीति के जरिए समाधान निकाला जाए।
पोप का यह बयान अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए मजबूत नैतिक संदेश है, जो संघर्ष को समाप्त करने और शांति स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय