‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ के 66वें संस्करण में दिल्ली में दिखा जोश

22 Mar 2026 18:46:53
फोटो


नई दिल्ली, 22 मार्च (हि.स.)। राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के 66वें संस्करण में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में इस कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जहां सेना के बैंड ने देशभक्ति की धुनें बजाईं। इंडिया गेट से गुजरते वन रक्षकों का हुजूम 66वें संस्करण में मुख्य आकर्षण रहा।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय तथा जल शक्ति मंत्रालय के सहयोग से आयोजित 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के नवीनतम संस्करण ने उद्देश्य और भागीदारी का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। इसने नागरिकों, एथलीटों, वन अधिकारियों और फिटनेस के प्रति उत्साही लोगों को प्रकृति और स्वस्थ जीवन शैली के प्रति एक अद्वितीय सम्मान व्यक्त करने के लिए एक मंच पर एकजुट किया।

इस साइकिल रैली में 500 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। सुबह-सुबह ही हर उम्र के लोग यहां पहुंच गए थे। रैली शुरू होने से पहले प्रतिभागियों ने जुम्बा, योग और रस्सी कूद जैसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस मौके पर 'प्रथम पीएसपीबी फिट इंडिया साइक्लोथॉन’ का भी आयोजन किया गया। इसमें अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने हिस्सा लिया और अपनी फिटनेस का प्रदर्शन किया। पांच किलोमीटर की इस दौड़ में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया।

प्रतियोगिता के परिणामों में 45 वर्ष से कम आयु वर्ग के पुरुषों में एसके प्रजापति ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कुशमीत सिंह विजेता रहे। महिलाओं में 45 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रीति माने और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रंजना आनंद ने जीत दर्ज की। विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।

मुख्य वन संरक्षक डॉ. पी. विश्वकन्नन सहित विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इनमें अर्जुन पुरस्कार विजेता निशानेबाज शिल्पी बिष्ट, बास्केटबॉल खिलाड़ी मोहित भंडारी, हॉकी खिलाड़ी कुशमीत सिंह, कैरम खिलाड़ी रश्मि कुमारी और साइकिलिस्ट और फिट इंडिया के एंबेसडर राहुल प्रधान शामिल रहे।

इनकी मौजूदगी ने लोगों को प्रेरित किया। साइकिल रैली के बाद आम लोगों के लिए बड़ी सामुदायिक साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर योग, संगीत और मनोरंजन से जुड़ी कई गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Powered By Sangraha 9.0