मोदी सबसे ज्यादा दिन सरकार प्रमुख रहने वाले राजनेता, दिल्ली विधानसभा में लाया गया अभिनंदन प्रस्ताव

23 Mar 2026 13:40:53
दिल्ली विधानसभा  (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)।

गुजरात के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के तौर पर नरेंद्र मोदी के सरकार के प्रमुख के रूप में 8,931 दिन पूरा करने पर दिल्ली विधानसभा में सोमवार को अभिनंदन प्रस्ताव लाया गया।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने सदन को संबोधित करते हुए देश के सर्वाधिक सेवाकालीन सरकार प्रमुख नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को मिलाकर 8,931 दिन सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा पूर्ण कर सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के 8,930 दिनों का रिकॉर्ड तोड़ा है। यह केवल एक संख्या नहीं है- यह 25 वर्षों की अखंड जनसेवा का प्रमाण है।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ से लेकर 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री बनने तक — मोदी जी की यात्रा एकनिष्ठ समर्पण की यात्रा रही है। वे पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने लोकसभा में पूर्ण बहुमत से लगातार दो कार्यकाल पूरे किए और तीसरी बार भी सत्ता में लौटे। उनके नेतृत्व में भारत में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर निकले और देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0