
चंडीगढ़, 22 मार्च (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के आगाज से पहले पंजाब किंग्स ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग ने कैंप से जुड़ते ही खिलाड़ियों को स्पष्ट संदेश दिया कि सफलता के लिए प्रक्रिया पर ध्यान देना बेहद जरूरी है।
पोंटिंग ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय केवल अभ्यास का नहीं, बल्कि खुद को शारीरिक, तकनीकी और मानसिक रूप से पूरी तरह तैयार करने का है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे पहले मुकाबले से पहले अपनी तैयारियों को सर्वोच्च स्तर तक पहुंचाएं।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने यह भी स्पष्ट किया कि खेल में गलतियां होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी कैच छोड़ सकते हैं, खराब शॉट खेल सकते हैं या गेंदबाजी में गलतियां कर सकते हैं, लेकिन अगर वे अपनी योजना और खेल शैली के अनुसार खेलते हैं, तो यह वास्तविक गलती नहीं मानी जाएगी।
पोंटिंग ने खिलाड़ियों को पिछले सीजन के प्रदर्शन को याद करने और उसी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उनका मानना है कि निरंतरता, टीमवर्क और स्पष्ट रणनीति ही टीम को सफलता दिला सकती है।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, और पंजाब किंग्स अपना पहला मुकाबला 31 मार्च को खेलेगी। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि मजबूत तैयारी और सकारात्मक माहौल के साथ टीम इस बार बेहतर प्रदर्शन करेगी।
पोंटिंग के नेतृत्व में पंजाब किंग्स एक संतुलित और आत्मविश्वास से भरी टीम के रूप में मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है, जिसका लक्ष्य इस सीजन में खिताब जीतना है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय