टाटा आईपीएल फैन पार्क 2026 का ऐलान, पहले चरण में 15 शहरों में मिलेगा लाइव मैच का अनुभव

23 Mar 2026 12:23:53
आईपीएल फैन पार्क


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)।भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टाटा आईपीएल फैन पार्क 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। यह आयोजन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती चरण के साथ किया जाएगा, जिससे देशभर के दर्शकों को स्टेडियम के बाहर भी आईपीएल का रोमांच अनुभव करने का मौका मिलेगा।

बोर्ड के अनुसार, पहले तीन हफ्तों में 11 राज्यों के 15 शहरों में फैन पार्क आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य अधिक से अधिक दर्शकों तक आईपीएल का उत्साह पहुंचाना और सामुदायिक माहौल में मैचों का आनंद देना है।

तीन सप्ताहांत में होंगे आयोजन

फैन पार्क का आयोजन तीन सप्ताहांत में किया जाएगा, पहला सप्ताह 28 और 29 मार्च, दूसरा सप्ताह 4 और 5 अप्रैल और तीसरा सप्ताह 11 और 12 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा।

हर सप्ताहांत में उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम क्षेत्रों में पांच-पांच फैन पार्क लगाए जाएंगे, जिससे देशभर में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

पहले सप्ताह में रोहतक (हरियाणा), भोपाल (मध्य प्रदेश), नागपुर (महाराष्ट्र), तुमकुरु (कर्नाटक) और कृष्णनगर (पश्चिम बंगाल) में फैन पार्क लगाए जाएंगे।

दूसरे सप्ताह में मथुरा (उत्तर प्रदेश), जोधपुर (राजस्थान), निजामाबाद (तेलंगाना), मैसूरु (कर्नाटक) और भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजन होगा।

तीसरे सप्ताह में मेरठ (उत्तर प्रदेश), नडियाद (गुजरात), रत्नागिरी (महाराष्ट्र), कोयंबटूर (तमिलनाडु) और राउरकेला (ओडिशा) में फैन पार्क आयोजित किए जाएंगे।

मनोरंजन और गतिविधियों का खास इंतजाम

हर फैन पार्क में बड़े पर्दे पर लाइव मैच प्रसारण के साथ-साथ संगीत, मनोरंजन, फूड कोर्ट, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और कई इंटरैक्टिव गतिविधियां होंगी। दर्शक वर्चुअल बल्लेबाजी, गेंदबाजी नेट्स, फेस पेंटिंग, चीयर मीटर और 360 डिग्री फोटो बूथ जैसी सुविधाओं का भी आनंद ले सकेंगे।

गौरतलब है कि वर्ष 2015 में शुरू हुई यह पहल आईपीएल को देश के कोने-कोने तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। 2026 में भी यह परंपरा जारी रहेगी, जिससे लाखों दर्शक अपने शहर में ही आईपीएल का उत्सव मना सकेंगे।

बोर्ड ने बताया कि आगामी सप्ताहों के लिए फैन पार्क का कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0