जयपुर ने जीता जिंदल स्टील इंडियन ओपन पोलो चैंपियनशिप का खिताब

23 Mar 2026 14:12:53
जयपुर पोलो टीम


- जयपुर ने फाइनल में जिंदल पैंथर को 12-9 से हराकर जीता सीजन का 11वां खिताब

नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। जयपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोमवार को जिंदल पैंथर को 12-9 से हराकर जिंदल स्टील इंडियन ओपन पोलो चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ जयपुर ने इस सीजन का 11वां खिताब भी हासिल कर लिया।

जयपुर की जीत में अलेजो अरामबुरु ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने शानदार आठ गोल दागे। उनके अलावा टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन तालमेल और संतुलित खेल दिखाया।

मैच की शुरुआत से ही जयपुर ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले चक्कर में अलेजो अरामबुरु ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने भी शानदार फील्ड गोल किया। प्रताप सिंह कनोटा और डेनियल ओटामेंडी ने भी गोल दागे, जिससे जयपुर ने पहले चक्कर के अंत तक 4-2 की बढ़त बना ली।

दूसरे चक्कर में जयपुर ने अपने खेल पर पकड़ और मजबूत की। उनकी सुदृढ़ रक्षा पंक्ति ने जिंदल पैंथर को गोल करने का मौका नहीं दिया, जबकि अरामबुरु ने एक और गोल कर बढ़त को 5-2 तक पहुंचा दिया।

तीसरे चक्कर में जिंदल पैंथर ने जोरदार वापसी की कोशिश की। जुआन ग्रिस जावालेत्ता के नेतृत्व में टीम ने लगातार गोल किए और स्कोर को 6-5 तक पहुंचा दिया। हालांकि जयपुर ने अपनी बढ़त बनाए रखी।

चौथे चक्कर में मुकाबला काफी रोमांचक हो गया, जहां दोनों टीमों ने तेजी से गोल किए। महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने अहम समय पर गोल कर जयपुर को बढ़त दिलाए रखी, जबकि जावालेत्ता ने जिंदल पैंथर को मुकाबले में बनाए रखा। इस चक्कर के अंत तक स्कोर 8-7 रहा।

पांचवें चक्कर में जयपुर ने एक बार फिर दबदबा बनाया। अलेजो अरामबुरु ने निर्णायक गोल करते हुए टीम को 11-8 की मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

अंतिम चक्कर में जिंदल पैंथर ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जयपुर ने संयम बनाए रखा। एक और गोल के साथ जयपुर ने मुकाबला 12-9 से जीत लिया और खिताब पर कब्जा जमाया।

इस जीत के साथ जयपुर टीम ने पूरे सत्र में अपने दबदबे को एक बार फिर साबित कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0