
नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को 6–0 से हरा कर पांचवें पीएसपीबी बाबा दीप सिंह हॉकी (पुरुष एवं महिला) टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
फाइनल में उसका मुकाबला श्याम लाल कॉलेज से होगा, जिसने अपने अंतिम राउंड रोबिन लीग मैच में इंदिरा गांधी शारीरिक शिक्षा एवं खेल विज्ञान संस्थान (आईजीआईपीईएसएस) को 2-0 से हराया। टीम के लिए मंदीप और पंकज ने एक-एक गोल किया। 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' बने हिमांशु (कप्तान, श्याम लाल कॉलेज)।
खालसा कॉलेज के लिए तनुज ने तीन गोल किए। प्रियांशु, विनीत और प्रभनीत ने एक-एक गोल किया। 'प्लेयर ऑफ द मैच' पीयूष को मिला।
महिला वर्ग का फाइनल राउंड रोबिन लीग के बाद टॉप पर रहीं दो टीमों दिल्ली यूनिवर्सिटी एलुमना और विवेकानंद कॉलेज के बीच होगा।
पुरुष वर्ग के एक लीग मैच में किरोड़ी मल कॉलेज ने हंसराज कॉलेज पर 4-1 से जीत दर्ज की। विजेता टीम के लिए चिराग ने दो गोल किए। समर सिंह और
रोहित डांगी ने एक- एक गोल किया। हंसराज कॉलेज के लिए सागर यादव ने गोल किया। किरोड़ी मल कॉलेज के चिराग को प्लेयर ऑफ द मैच का अवार्ड मिला।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह