कुवैत में इंटरसेप्शन का मलबा गिरा, बिजली ट्रांसमिशन लाइनें ठप

24 Mar 2026 14:54:53
सांकेतिक


कुवैत सिटी, 24 मार्च (हि.स.)। कुवैत में इंटरसेप्शन के मलबे के कारण मंगलवार सुबह बिजली ट्रांसमिशन लाइनें ठप हो गई हैं। इस मलबे का प्रभाव सात ओवरहेड पावर लाइनों पर पड़ा है। बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि इसके कारण कुछ इलाकों में बिजली की आंशिक कटौती की गई है।

अनादोलु एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार एयर डिफेंस सिस्टम के इंटरसेप्शन ऑपरेशन के दौरान गिरे मलबे से भारी नुकसान हुआ है। इससे सबसे अधिक बिजली विभाग को क्षति हुई है। बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात ने एक्स पर कहा कि इसके कारण कुछ इलाकों में बिजली की आंशिक कटौती हुई। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

मंत्रालय ने बताया कि जैसे ही सुरक्षा अधिकारियों के समन्वय से साइटें सुरक्षित हो जाएंगी, विशेष तकनीकी टीमें अपना काम शुरू कर देंगी। इन टीमों का काम नुकसान का आकलन करना और सुरक्षा व संरक्षा के उच्चतम मानकों के अनुसार प्रभावित लाइनों की मरम्मत करना होगा। जौहर हयात ने कहा कि आपातकालीन टीमें बिजली ग्रिड को प्रभावित करने वाली किसी भी समस्या से निपटने और सेवा की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0