मणिपुर के तेंगनोपाल से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (आरए) के 10 कैडर गिरफ्तार

युगवार्ता    24-Mar-2026
Total Views |
मणिपुरः तेंगनोपाल से गिरफ्तार प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (आरए) के 10 कैडर


इंफाल, 24 मार्च (हि.स.)। मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के विरूद्ध सुरक्षा बलों का अभियान जोरदार तरीके से जारी है। इसी कड़ी में तेंगनोपाल जिले से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (आरए) के 10 कैडरों को गिरफ्तार किया गया है। मणिपुर पुलिस मुख्यालय के आज जारी आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

बताया गया है कि खुफिया सूचना के आधार पर सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान तेंगनोपाल जिला मोरे थानांतर्गत भारत-म्यांमार अंतरराष्ट्रीय सीमा के स्तंभ संख्या 77 और 82 के बीच से सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक (आरए) के दस सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार कैडरों में पांच किशोर भी शामिल हैं।

गिरफ्तार कैडरों की पहचान कीथेलकपम शांजित सिंह उर्फ लोइचिंगबा (34), फौगाकचाओ मामंग लेइकाई, बिष्णुपुर जिला; सलाम रोहित मैतेई उर्फ पंथुंग (35), निंगथौखोंग मामंग लेइकाई, बिष्णुपुर जिला; खाइदेम जैक्सन सिंह उर्फ वांगंबा (27), वाइखोंग केइराम लेइकाई, काकचिंग जिला; क्षत्रिमयुम इनाओसाना सिंह उर्फ कुमारजीत (36), अवांग लेइकिंथाबी माखा लेइकाई, इंफाल पश्चिम जिला; सेनजम थोइबिनाओ मैतेई (36), केइकोन माखा लेइकाई, इंफाल पूर्व जिला के रूप में की गई है।

वहीं इन पांच किशोरों के साथ व्यवहार किशोर न्याय अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार किया जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार कैडरों से पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

Tags