रायपुर के जिला मजिस्ट्रेट और एसएसपी को मानवाधिकार आयोग का नोटिस

24 Mar 2026 17:13:53
प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाईकर्मियों की कथित मौत का स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट और रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

आयोग के मुताबिक प्रकाशित मीडिया रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में एक निजी अस्पताल में 17 मार्च 2026 को सेप्टिक टैंक की सफाई करते समय जहरीली गैसों के कारण तीन सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई। पीड़ितों के परिजनों ने आरोप लगाया कि न तो अस्पताल प्रबंधन और न ही निजी ठेकेदार ने उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए थे।

मानवाधिकार आयोग ने रिपोर्ट में जांच की स्थिति का विवरण भी शामिल करने का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0