
इस्लामाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी संस्थापक और अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई के लिए एक टास्क फोर्स बनाने का विरोध किया है। वरिष्ठ नेतृत्व ने अपना दृष्टिकोण खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी तक पहुंचा दिया है।
दुनिया न्यूज की सूत्रों पर आधारित रिपोर्ट के अनुसार वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि इस समय पाकिस्तान और पूरी दुनिया एक मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। इसलिए टास्क फोर्स बनाने के बजाय बातचीत का रास्ता अपनाना चाहिए। वरिष्ठ नेतृत्व ने सलाह दी कि अगर इस बार इस्लामाबाद मार्च किया जाता है तो पार्टी को गंभीर नुकसान हो सकता है।
नेतृत्व ने कहा कि मौजूदा हालात में विरोध प्रदर्शन का रास्ता चुनना कोई समझदारी भरा फैसला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि टास्क फोर्स की भूमिका अंततः विरोध प्रदर्शनों के इर्द-गिर्द ही घूमेगी और मौजूदा परिस्थितियों में विरोध प्रदर्शन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए उचित नहीं हैं। गौरतलब है कि खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने पार्टी संस्थापक की रिहाई के लिए 19 अप्रैल को टास्क फोर्स के गठन की घोषणा की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद