प्रधानमंत्री मोदी से मिले आठवले

24 Mar 2026 19:01:53
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिले रामदास आठवले


नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)।

रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।

इस अवसर पर आठवले ने तीसरी बार राज्यसभा सदस्य के रूप में अवसर प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।

आठवले ने कहा कि उनके प्रति प्रधानमंत्री के विश्वास और मार्गदर्शन का प्रतीक है, जिसे वे पूर्ण निष्ठा के साथ निभाते रहेंगे।

वे भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर देश में सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

भेंट के दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति में वृद्धि का विषय भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखा, जिससे इन वर्गों के युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

आठवले ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय एक सशक्त राष्ट्र की आधारशिला हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन मूल्यों को और सशक्त किया जा रहा है।

उन्होंने सुझाव दिया कि जनगणना के दौरान बौद्ध धर्म अपनाने वाले व्यक्तियों के लिए उचित वर्गीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें आरक्षण के लाभ से वंचित न होना पड़े।

आठवले ने कहा कि वे आगामी समय में देशभर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विचारधारा, सामाजिक समरसता एवं संविधान के मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0