पश्चिम एशिया से मिले पॉजिटिव संकेतों से खुश हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी ने लगाई जोरदार छलांग

24 Mar 2026 17:18:53
प्रतीकात्मक


- बाजार की मजबूती से निवेशकों को एक दिन में 7.95 लाख करोड़ का फायदा

नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव संकेतों और जियो पॉलिटिकल टेंशन में राहत मिलने की उम्मीद के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज लगातार उत्साह का माहौल बना रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी जोरदार मजबूती के साथ हुई थी। हालांकि दिन के पहले सत्र में सुबह 10:30 बजे तक बाजार में उतार-चढ़ाव होता रहा, लेकिन इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया। खासकर, दोपहर 12 बजे के बाद ईरान की ओर से पश्चिम एशिया में जारी जंग को खत्म करने के लिए बातचीत शुरू करने के लिए तैयार होने का संकेत देने के बाद शेयर बाजार में जोरदार तेजी का रुख बन गया। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली भी होती रही। इसके बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की रफ्तार में कोई कमी नहीं आई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.89 प्रतिशत और निफ्टी 1.78 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार करते रहे। बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर में आज जम कर खरीदारी होती रही, जिसके कारण इन तीनों सेक्टर के सूचकांक दो प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ बंद हुए। इसके अलावा आईटी, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थ केयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, रियल्टी, डिफेंस और टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.60 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.63 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब आठ लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 423.17 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 415.22 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 7.95 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,431 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,968 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,295 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 168 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,010 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,315 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 695 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 28 शेयर बढ़त के साथ और 2 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 44 शेयर हरे निशान में और 6 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 1,516.08 अंक की मजबूती के साथ 74,212.47 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण सुबह 10:30 के करीब यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 1,128.01 अंक टूट कर 73,084.46 अंक के स्तर तक गिर गया। राहत की बात यही रही कि बिकवाली का दबाव बनने के बावजूद सेंसेक्स लगातार हरे निशान में ही कारोबार करता रहा। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल दोबारा तेज होने लगी।

दोपहर 12 बजे के बाद ईरान की ओर से पश्चिम एशिया में जारी जंग को लेकर बातचीत के लिए तैयार होने का संकेत मिलने के बाद दुनिया के दूसरे शेयर बाजार की तरह भारतीय शेयर बाजार में भी उत्साह का माहौल बन गया। इस उत्साह के कारण चौतरफा खरीदारी शुरू हो गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,793 अंक की उछाल के साथ 74,489.39 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद मामूली मुनाफा वसूली होने की वजह से सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 420 अंक से अधिक फिसल कर 1,372.06 अंक की बढ़त के साथ 74,068.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 365.80 अंक उछल कर 22,878.45 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण पहले डेढ़ घंटे में ही यह सूचकांक ओपनिंग लेवल से 250 अंक से अधिक लुढ़क कर 22,624.20 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद तेजड़िये एक्टिव हो गए और चौतरफा खरीदारी शुरू कर दी। खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 1:30 बजे के थोड़ी देर बाद निफ्टी 544.65 अंक की बढ़त के साथ 23,057.30 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से करीब 145 अंक फिसल कर 399.75 अंक की मजबूती के साथ 22,912.40 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से लार्सन एंड टूब्रो 5.22 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एविएशन 5.21 प्रतिशत, एटरनल 4.84 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 4.53 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 4.48 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, कोल इंडिया 2.89 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन 1.03 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 0.82 प्रतिशत, सन फार्मास्यूटिकल्स 0.29 प्रतिशत और सिप्ला 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0