भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची की जारी

25 Mar 2026 21:30:53
शमिक


कोलकाता, 25 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने बुधवार को आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर अपनी तैयारियों को धार देते हुए उम्मीदवारों की तीसरी सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा हस्ताक्षरित इस प्रेस विज्ञप्ति में कुल 19 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई गई है। इस सूची में अनुभवी नेताओं के साथ-साथ पेशेवर और महिला उम्मीदवारों को भी प्रमुखता दी गई है, जिससे राज्य के विभिन्न जिलों में चुनावी समीकरणों को साधने की कोशिश की गई है।

उत्तर बंगाल के महत्वपूर्ण क्षेत्रों से शुरुआत करते हुए भाजपा ने कूचबिहार दक्षिण (4) से रथीन्द्र नाथ बोस को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित राजगंज सीट (18) से दिनेश सरकार (हराधन सरकार) और हेमताबाद (33) से हरिपद बर्मन पर भरोसा जताया गया है। सीमावर्ती इलाकों की बात करें तो इस्लामपुर (29) से चित्रजीत रॉय और मालदा जिले की महत्वपूर्ण इंग्लिश बाजार (51) सीट से अमलन भादुरी को उम्मीदवार बनाया गया है। नदिया और उत्तर 24 परगना जिलों में क्रमशः शांतिपुर (86) से स्वपन दास और पानीहाटी (111) से रत्ना देबनाथ चुनाव लड़ेंगी।

हुगली और हावड़ा बेल्ट में पार्टी ने काफी विचार-मंथन के बाद नाम तय किए हैं। हावड़ा मध्य (171) से बिप्लब मंडल और उत्तरपाड़ा (185) से दीपांजन चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया गया है। हुगली जिले की चर्चित सीटों में सिंगूर (188) से डॉ. अरूप कुमार दास, चन्दननगर (189) से दीपांजन कुमार गुहा, चुंचुड़ा (190) से सुबीर नाग और हरिपाल (196) से मधुमिता घोष के नामों की घोषणा की गई है।

दक्षिण बंगाल और बीरभूम की रणनीतिक सीटों पर भी पार्टी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। तमलुक (203) से डॉ. हरे कृष्णा बेरा और मेदिनीपुर (236) से डॉ. शंकर गुच्छैत जैसे पेशेवर चेहरों को मौका दिया गया है। पूर्व बर्धमान के पूर्वस्थली दक्षिण (268) से प्राणकृष्ण तपदार और कटवा (270) से कृष्णा घोष चुनाव लड़ेंगे। अंत में, बीरभूम जिले की सैंथिया (एससी) (289) सीट से कृष्णा कांत साहा और नलहाटी (293) से अनिल सिंह के नामों के साथ भाजपा ने अपनी इस तीसरी सूची को पूर्ण किया है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भाजपा दो लिस्ट जारी कर चुकी है जिसमें राज्यभर की कुल 273 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0