दिल्ली में गैस सिलेंडर कालाबाजारी का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

25 Mar 2026 13:06:53
सिलेंडर की फोटो


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम एशिया में पिछले 26 दिनों से जारी सैन्य संघर्ष के कारण देशभर में रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने की खबरों के बीच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने संगम विहार इलाके में गैस सिलेंडर कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को 183 सिलेंडर बरामद किए। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि दिल्ली के संगम विहार क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की अवैध तरीके से जमाखोरी और रिफिलिंग की जा रही है। इसके बाद सहायक पुलिस आयुक्त सतेंद्र मोहन की देखरेख में पुलिस निरीक्षक महिपाल सिंह की टीम ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान शेर सिंह, सूरज परिहार, रघु राज सिंह और जितेंद्र शर्मा को मौके से पकड़ा गया, जो अवैध रूप से गैस सिलेंडरों की जमाखोरी और रिफिलिंग करते पाए गए। पुलिस ने कुल 183 सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें 154 भरे हुए और 29 खाली हैं। इसके अलावा मौके से लोहे के पाइप, इलेक्ट्रॉनिक कांटे और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि सभी आरोपित इंडेन गैस एजेंसी के रजिस्टर्ड डिलीवरी एजेंट हैं और संगम विहार इलाके में गैस सप्लाई का काम करते थे।

आरोपित एजेंसी से सिलेंडर उठाने के बाद उन्हें ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय किराए के गोदामों में जमा कर लेते थे। इसके बाद ये लोग भरे हुए सिलेंडरों में से एक से दो किलो गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते थे और उन्हें खुले बाजार में तय कीमत से ज्यादा दाम पर बेचते थे। इस कालाबाजारी से आरोपित मोटा मुनाफा कमा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया बेहद खतरनाक थी और इससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल सभी आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Powered By Sangraha 9.0