दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की फिर धमकी, जांच एजेंसियां अलर्ट पर

25 Mar 2026 13:49:53

नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)।

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की लगातार दूसरे दिन धमकी मिलने के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधानसभा एवं उसके आसपास की सुरक्षा और कड़ी कर दी गयी है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात कर दी गयी हैं।

पुलिस के मुताबिक मंगलवार को ई-मेल के जरिए मिली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर थीं और अब बुधवार को दोबारा धमकी मिलने के बाद विधानसभा परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी गयी है। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली पुलिस की कई टीमें मौके पर तैनात कर दी गईं। पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है और हर संदिग्ध वस्तु पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल अभी तक किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह एक ई-मेल के जरिए यह धमकी दी गयी है। इसमें दावा किया गया है कि दिल्ली विधानसभा परिसर में 16 आरडीएक्स लगाए गए हैं और दोपहर करीब 1:40 बजे विस्फोट करने की योजना है। ई-मेल में कुछ राजनीतिक नेताओं का भी जिक्र करते हुए विवादित बातें लिखी गई हैं, जिससे जांच एजेंसियां इस एंगल से भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे विधानसभा परिसर की तलाशी में जुटी हैं।

पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। ई-मेल के स्रोत और तकनीकी डिटेल खंगाली जा रही हैं, ताकि जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचा जा सके। ई-मेल भेजने वाले ने खुद को एक समूह से जुड़ा बताया है और दावा किया है कि उनके पास सीमित संसाधन होने के बावजूद उन्होंने इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई है। ई-मेल में यह भी कहा गया है कि वे केवल संपत्ति को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं और लोगों को वहां से हटाने की अपील की गई है।

दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Powered By Sangraha 9.0