प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड पर अंतर मंडलीय रेलवे फुटबॉल लीग चैम्पियनशिप का शुभारम्भ

25 Mar 2026 18:51:53
अतिथि संग खिलाड़ी


प्रयागराज, 25 मार्च (हि.स)। प्रयागराज मंडल के डीएसए ग्राउंड पर अंतर मंडलीय रेलवे फुटबॉल लीग चैम्पियनशिप 2026 का भव्य शुभारम्भ बुधवार को किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने किया।

उद्घाटन समारोह के पश्चात पहला मुकाबला प्रयागराज मंडल एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमों के मध्य खेला गया। प्रयागराज मंडल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रेलवे सुरक्षा बल की टीम को 5-0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।

इस मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राकेश यादव जूनियर को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। निर्णायक मंडल में कबीर खान, योगेश चंद एवं विवेक शामिल रहे। जिन्होंने निष्पक्ष एवं कुशल निर्णय के साथ मैच का संचालन किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल क्रीड़ा सचिव धर्मेंद्र कुमार निषाद एवं राकेश मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुरेश शर्मा, सुशील ओझा, राजेश कुमार, जफर आलम एवं अभिषेक सहित अन्य खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी भी मंच पर उपस्थित रहे।

जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत आज का दूसरा मैच झांसी वर्कशॉप एवं उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज की टीमों के मध्य सायं 16 बजे से खेला जाएगा। इस लीग प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल, झांसी मंडल, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, रेलवे सुरक्षा बल एवं झांसी कारखाना की टीमें भाग ले रही हैं।

पीआरओ ने बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती है, बल्कि रेलवे कर्मचारियों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा देती है। इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी सह मंडल वित्त प्रबंधक, शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Powered By Sangraha 9.0