जल जीवन मिशन पर परामर्शदात्री समिति की बैठक, दिसंबर 2028 तक बढ़ा मिशन

25 Mar 2026 19:10:53
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति, प्रभाव और भविष्य की रूपरेखा पर चर्चा की। इस दौरान बैठक में मिशन की उपलब्धियों, ग्रामीण भारत में पेयजल सुरक्षा, जलजनित बीमारियों में कमी और बच्चों के स्वास्थ्य व शिक्षा पर पड़े सकारात्मक असर पर भी चर्चा हुई।

मंत्रालय ने बताया कि बैठक में जल शक्ति राज्य मंत्री वी सोमनन्ना और राज भूषण चौधरी भी शामिल हुए। बैठक में जल जीवन मिशन को दिसंबर 2028 तक बढ़ाने और 8.69 लाख करोड़ रुपये के प्रावधान की जानकारी दी गई। सदस्यों को बताया गया कि मिशन अब केवल आधारभूत संरचना निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण सेवा वितरण पर केंद्रित है। मार्च 2026 तक 15.82 करोड़ ग्रामीण परिवारों को कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन मिल चुके हैं, जो 2019 की तुलना में लगभग पांच गुना वृद्धि है।

बैठक में डिजिटल डेटा शासन, ग्राम पंचायतों के माध्यम से सामुदायिक नेतृत्व, जल गुणवत्ता निगरानी, वित्तीय स्थिरता, जिला तकनीकी इकाइयों की स्थापना और ‘जन भागीदारी’ जैसे सुधार क्षेत्रों पर जोर दिया गया। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें 11 राज्य पहले ही शामिल हो चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0