अवस्थी मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारम्भ

25 Mar 2026 21:01:53
अवस्थी मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ


मुरादाबाद, 25 मार्च (हि.स.)। अवस्थी मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का उद्घाटन मैच बुधवार को एमपीएस के मैदान पर रुक्मणी क्रिकेट अकैडमी और सैंट पॉल क्रिकेट एकेडमी के बीच खेला गया।

पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं यूपीसीए के डायरेक्टर विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया डीएसए मुरादाबाद और अवस्थी मेमोरियल कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अवस्थी मेमोरियल प्राइज मनी क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारम्भ जिला शासकीय अधिवक्ता नितिन गुप्ता द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट की शुरुआत की।

टूर्नामेंट के पहले दिन ग्रुप ए के दो मुक़ाबले खेले गये। पहला मुकाबला रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी और सेंट पाल क्रिकेट अकेडमी के बीच खेला गया। टास जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए रुक्मणी क्रिकेट अकैडमी ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 195 रन बनाए। टीम के लिए अमन नवाब ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 47 बाल पर नाबाद 95 रन बनाए इसके अलावा मौहम्मद उस्मान ने 33, नईम सैफी ने 30 व इमरान ख़ान ने 5 बॉल पर 17 रन बनाए। सैंट पॉल क्रिकेट अकैडमी के लिए गेंदबाजी में यथार्थ व्यस्त ने 2 व मशी उल आज़म, मोहम्मद रैयान और सोनू कुमार ने 1-1 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सैंट पाल क्रिकेट अकैडमी निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर महज़ 137 रन ही बना पाई। टीम के लिए फ़ैसल चौधरी ने 45, मौहम्मद ज़ैद ने 29 व यश व्यास ने 22 रन बनाए। रुक्मणी क्रिकेट अकैडमी के लिए मौहम्मद उस्मान और कृष्णा यादव ने 3-3 व मोहम्मद अरीब और अरीब ने 1-1 विकेट लिए। इस तरह यह मुक़ाबला रुक्मणी क्रिकेट अकैडमी ने 57 रन से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच अमन नवाब को चुना गया।

दूसरा मुक़ाबला एमपीएस क्रिकेट अकैडमी और द आर्यांश क्रिकेट अकैडमी के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए एम पी एस क्रिकेट अकैडमी 16.3 ओवर में 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करते हुए द आर्यांश क्रिकेट अकैडमी ने 11.2 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच के दोरान क्रिकेट कोच बदरूद्दीन सिद्दीक़ी, रणजी खिलाड़ी शिवम शर्मा, मोहम्मद हसीन, मिर्जा दानिश आलम, सलीम ख़ान, विपुल चौधरी आदि रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Powered By Sangraha 9.0