रूसी हमले से अहम बिजली लाइन कटी, मोल्दोवा में आपातकाल घोषित

25 Mar 2026 16:02:53
सांकेतिक


मास्काे, 25 मार्च (हि.स.)। रुस और यूक्रेन के बीच चार साल से जारी युद्ध के बीच यूरोप से जुड़ी एक अहम बिजली लाइन कटने के बाद यूरोपीय देश मोल्दोवा ने ऊर्जा क्षेत्र में आपातकाल की घोषणा की। यह घोषणा बुधवार से लागू हो गयी है जो अगले 60 दिनों तक प्रभावी रहेगी।

मीडिया रिपाेर्टस के अनुसार संसद काे दिए एक बयान के अनुसार प्रधानमंत्री अलेक्जेंड्रू मुंटेनू ने लोगों से अपील की कि वे अनावश्यक खपत से बचें, खासकर पीक आवर्स के दौरान और एकजुट रहें। यह पूर्व सोवियत गणराज्य अपने पड़ोसी यूराेपीय यूनियन सदस्य रोमानिया से बिजली आयात करता है, जो ज़्यादातर दक्षिणी यूक्रेन से गुजरने वाली एक बिजली केबल के जरिए आती है। मोल्दोवा के अधिकारियों ने बताया कि लाइन के पास यूक्रेन में गिरे हुए ड्रोन देखे गए हैं और मरम्मत शुरू करने से पहले बारूदी सुरंगें हटाने का काम करना ज़रूरी है।

मोल्दोवा के मीडिया आउटलेट 'ज़ियारुल दे गार्दा' ने ऊर्जा मंत्री डोरिन जुंगिएतु के हवाले से बताया कि बिजली लाइन को बहाल करने में ही सात दिन तक का समय लग सकता है।

मोल्दोवा की राष्ट्रपति माइया सांडू ने एक्स पर लिखा, इसकी पूरी ज़िम्मेदारी सिर्फ़ रूस की है, जबकि विदेश मंत्रालय ने भी रूसी हमलों की निंदा की। 2022 में अपने पड़ोसी देश पर हमला करने के बाद से रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर को कई बार निशाना बनाया है।

रूस की सेना ने बुधवार को बताया कि उसने रात भर में 389 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए, जो अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक था। सेना के अनुसार यूक्रेन की सीमा से लगे रूसी क्षेत्र, साथ ही मॉस्को और उत्तर-पश्चिमी लेनिनग्राद मुख्य रूप से निशाना बनाए गए थे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0