
- बाजार की मजबूती से निवेशकों को 8.24 लाख करोड़ का मुनाफा
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। अमेरिका और इजराइल तथा ईरान के बीच जारी जंग के थमने के संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार दूसरे दिन जबरदस्त तेजी का रुख बना रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद तेजड़ियों ने खरीदारी का जोर बना दिया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की रफ्तार लगातार बढ़ती गई। हालांकि, दोपहर दो बजे के बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट भी आई। इसके बावजूद बाजार जोरदार तेजी के साथ बंद होने में सफल रहा। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.63 प्रतिशत और निफ्टी 1.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान सभी सेक्टोरल इंडेक्स खरीदारी के सपोर्ट से लगातार हरे निशान में कारोबार करते रहे। पूरे दिन के कारोबार के बाद बीएसई का कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स जबरदस्त खरीदारी के कारण 3.28 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह मेटल, हेल्थकेयर, कैपिटल गुड्स, ऑटोमोबाइल और बैंकिंग इंडेक्स भी दो प्रतिशत से अधिक की मजबूती के साथ बंद हुए। इसके अलावा आईटी, एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज तथा टेक इंडेक्स भी मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 2.59 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब सवा आठ लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 431.02 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 422.78 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 8.24 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।
आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,472 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,949 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,357 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 156 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,010 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,313 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 697 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर बढ़त के साथ और चार शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 26 शेयर हरे निशान में और चार शेयर लाल निशान में बंद हुए।
बीएसई का सेंसेक्स आज 583.56 अंक की मजबूती के साथ 74,652.01 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। हालांकि बीच-बीच में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के मामूली झटके भी लगते रहे। इसके बावजूद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स की तेजी बनी रही। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर 12 बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक 1,781.31 अंक उछल कर 75,849.76 अंक के स्तर तक पहुंच गया। दोपहर दो बजे के बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से ही इस सूचकांक की चाल में गिरावट आने लगी। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 575 अंक से अधिक फिसल कर 1,205 अंक की बढ़त के साथ 75,273.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 152 अंक उछल कर 23,064.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही तेजड़ियों ने मोर्चा संभाल लिया और चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में और तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से दोपहर दो बजे के करीब निफ्टी 552.95 अंक की तेजी के साथ 23,465.35 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई। इस बिकवाली के कारण निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 155 अंक से अधिक टूट कर 394.05 अंक की मजबूती के साथ 23,306.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज पूरे दिन हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से श्रीराम फाइनेंस 5.80 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 4.09 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 3.98 प्रतिशत, ग्रासिम इंडस्ट्रीज 3.86 प्रतिशत और अदानी एंटरप्राइजेज 3.78 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा 1.69 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.34 प्रतिशत, टीसीएस 0.89 प्रतिशत और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स 0.24 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक