ईरान की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव, ज़ोलघाद्र बने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव

25 Mar 2026 00:07:53
मोहम्मद बगेर ज़ोलघाद्र को ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद का नया सचिव नियुक्त किया गया है।


तेहरान, 24 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच मसूद पेजेशकियान ने देश की सुरक्षा संरचना में अहम बदलाव करते हुए पूर्व आईआरजीसी कमांडर मोहम्मद बगेर जोलघाद्र को सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (एसएनएससी) का नया सचिव नियुक्त किया है।

यह नियुक्ति अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई की मंजूरी के बाद की गई है। जोलघाद्र ने इस पद पर अली लारीजानी का स्थान लिया है, जिनकी हाल ही में एक हवाई हमले में मौत हो गई थी।

राज्य मीडिया के अनुसार, जोलघाद्र ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) में ब्रिगेडियर जनरल रह चुके हैं और इससे पहले ‘एक्सपीडिएंसी काउंसिल’ के सचिव के रूप में कार्य कर रहे थे। उनका सैन्य और रणनीतिक अनुभव इस संवेदनशील पद के लिए अहम माना जा रहा है।

सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल का सचिव पद ईरान की सुरक्षा और विदेश नीति के निर्धारण में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह परिषद सीधे सर्वोच्च नेता को रिपोर्ट करती है और देश के रणनीतिक फैसलों में केंद्रीय भूमिका निभाती है।

मौजूदा क्षेत्रीय संघर्ष और अमेरिका-इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच यह नियुक्ति ईरान की सुरक्षा नीति को और सख्त और संगठित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0