वैश्विक पटल पर छा रहा धुरंधर 2 का गीत 'मन अटक्या' कानपुरवासियों के लिए गर्व : वैभव गुप्ता

26 Mar 2026 21:12:53
प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते वैभव गुप्ता


कानपुर, 26 मार्च (हि.स.)। बॉलीवुड फिल्म 'धुरंधर 2' की शानदार प्रदर्शन के बीच फिल्म में 'मन अटक्या' गीत काे आवाज देने वाले गायक वैभव गुप्ता अपने शहर कानपुर में गुरुवार को मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि कानपुर के लिए गर्व का विषय है कि यहां के कलाकार की आवाज वैश्विक पटल पर छा रही है। उन्होंने अपने संगीत सफर, बॉलीवुड में एंट्री और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही सराहना को साझा करते हुए युवाओं को सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वे अपने शहरवासियों के समर्थन को याद करते हुए भावुक भी नजर आए।

इंडियन आइडल 14 के विजेता वैभव गुप्ता ने गुरुवार को कानपुर प्रेस क्लब, नवीन मार्केट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस और संवादात्मक सत्र में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने “मन अटक्या” गीत के गीतकार शाश्वत सचदेव, निर्देशक आदित्य धर के साथ काम करने के अनुभव और ‘धुरंधर 2’ की सफलता पर अपने विचार रखे।

उन्होंने इंडियन आइडल जीतने के लिए अपने शहरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कानपुर के लोगों का प्यार और समर्थन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत रहा है। इस दौरान वे भावुक हो गए और कहा कि “सपने सभी को देखने चाहिए, क्योंकि जब तक सपने नहीं देखेंगे, तब तक उन्हें पूरा करने की दिशा में आगे नहीं बढ़ पाएंगे।”

वैभव गुप्ता ने बताया कि “मन अटक्या” को देश-विदेश में भरपूर सराहना मिल रही है और यह गीत ग्लोबल स्तर पर पहचान बना रहा है। भारत के साथ-साथ अमेरिका और कनाडा में भी इसे सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में उनके कई नए प्रोजेक्ट आने वाले हैं और उन्हें उम्मीद है कि “मन अटक्या” की तरह उनके आगामी गाने भी श्रोताओं को खूब पसंद आएंगे।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने कानपुर से बॉलीवुड तक के सफर को साझा करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, समर्पण और धैर्य से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। इस अवसर पर शहर के मीडिया प्रतिनिधि और संगीत प्रेमी मौजूद रहे, जिन्होंने उनकी उपलब्धियों की सराहना की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Powered By Sangraha 9.0