दिल्ली सरकार ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का आवंटन 20 से बढ़ाकर 50 फीसद किया : सिरसा

26 Mar 2026 20:14:53
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा


नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। दिल्ली सरकार ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर का आवंटन 20 फीसद से बढ़ाकर 50 फीसद कर दिया है। अब यह 1800 से बढ़कर 4500 सिलेंडर (19 किलो) प्रतिदिन हो गया है। यह बढ़ी हुई सप्लाई तुरंत लागू हो गई है और इससे जरूरी सेवाओं, होटल, उद्योग और प्रवासी मजदूरों की जरूरतें बिना रुकावट पूरी होंगी।

खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का धन्यवाद करते हैं। उनके समय पर लिए गए फैसले से दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई में कोई दिक्कत नहीं होगी।

नई व्यवस्था के तहत एलपीजी वितरण को 7 प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है, जिनके लिए कुल 4,500 सिलेंडर (19 किलो) प्रतिदिन तय किए गए हैं।

श्रेणी 1 : जरूरी सेवाएं (स्कूल, अस्पताल, बस अड्डे, रेलवे, एयरपोर्ट) – 225 सिलेंडर (5 फीसद)।

श्रेणी 2 : सरकारी संस्थान, पीएसयू, औद्योगिक कैंटीन, कम्युनिटी किचन – 225 सिलेंडर (5 फीसद)।

श्रेणी 3 : होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी – 3,375 सिलेंडर (75 फीसद)।

श्रेणी 4 : कैटरिंग और बैंक्वेट – 225 सिलेंडर (5 फीसद)

श्रेणी 5 : छोटे उद्योग (ड्राई क्लीनिंग, पैकिंग, फार्मा) – 45 सिलेंडर (1 फीसद)।

श्रेणी 6 : खेल सुविधा, स्टेडियम आदि – 225 सिलेंडर (5 फीसद)।

श्रेणी 7 : प्रवासी मजदूर (5 किलो सिलेंडर) – 684 सिलेंडर (4 फीसद)

सप्लाई केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार की जा रही है, जिसमें पिछले तीन महीने की औसत खपत को आधार बनाया गया है और जरूरी सेक्टर को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए वेट्स एंड मेजर्स और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की 70 संयुक्त टीमें पूरे दिल्ली में जांच कर रही हैं। नियम तोड़ने वालों पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, एलपीजी वितरण आदेश 2000 और भारतीय न्याय संहिता 2024 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री सिरसा ने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सप्लाई सामान्य है और वितरण लगातार जारी है। मैं दिल्ली के लोगों से अपील करता हूं कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें फैलाएं। उन्होंने कहा कि हमारा विभाग सप्लायर और आईजीएल के साथ लगातार संपर्क में है। आईजीएल हर हफ्ते पीएनजी प्रगति रिपोर्ट देता है। उपभोक्ताओं को किसी तरह की समस्या नहीं होगी और सभी नियमों का पालन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0