बालेन्द्र शाह संसदीय दल के नेता चुने गए, शुक्रवार को लेंगे प्रधानमंत्री पद की शपथ

26 Mar 2026 17:14:53
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी की केंद्रीय समिति में बालेन्द्र और रवि


काठमांडू, 26 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी के वरिष्ठ नेता बालेन्द्र शाह को पार्टी का संसदीय दल का नेता चुन लिया गया है। वह आज ही राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे। नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में उन्हें शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाये जाने की संभावना है।

पार्टी अध्यक्ष रवि लामिछाने ने केंद्रीय समिति की बैठक में शाह के नाम का प्रस्ताव रखा। समिति ने सर्वसम्मति से उन्हें संसदीय दल का नेता मंजूरी दी। बहुमत प्राप्त दल के संसदीय दल के नेता के रूप में बालेन्द्र शाह आज ही राष्ट्रपति के समक्ष सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश करेंगे।

बालेन्द्र शाह शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं। राष्ट्रपति भवन में एक समारोह का आयोजन कर प्रधानमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। शपथग्रहण के लिए बालेन्द्र शाह की तरफ से कल दोपहर 12:३४ बजे का समय निर्धारित किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0