आईपीएल मुकाबले से पहले न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में लिया तैयारियों का जायजा

26 Mar 2026 19:39:53
आईपीएल मुकाबले से पहले तैयारियों का जायजा, दर्शकों को बेहतर अनुभव देने पर जोर


चंडीगढ़, 26 मार्च (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के तहत 31 मार्च को होने वाले पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबले से पहले तैयारियों को लेकर व्यापक समीक्षा की गई। पंजाब क्रिकेट संघ के नवनियुक्त सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर ने उपाध्यक्ष दीपक बाली के साथ न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित स्टेडियम का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान स्टेडियम की बैठने की व्यवस्था, पहुंच मार्ग, पार्किंग, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन जैसे अहम पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने दर्शकों को सुरक्षित और सहज अनुभव उपलब्ध कराने के लिए जरूरी इंतजामों की समीक्षा की। मीत हेयर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और बेहतर आयोजन न केवल दर्शकों का अनुभव बढ़ाते हैं, बल्कि राज्य की छवि को भी मजबूत करते हैं। इससे भविष्य में बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी के अवसर भी बढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पंजाब को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर भी मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

दीपक बाली ने प्रशासन और पुलिस के बीच समन्वय को अहम बताते हुए कहा कि इस स्टेडियम में 31 मार्च के मुकाबले के अलावा तीन और मैच आयोजित होने हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्टेडियम भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Powered By Sangraha 9.0