
- एमसीएक्स पर शाम के सत्र में होगा सामान्य कारोबार
नई दिल्ली, 26 मार्च (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार में आज छुट्टी रहने वाली है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में आज कोई कारोबार नहीं होगा। स्टॉक मार्केट में रामनवमी के मौके पर यह छुट्टी दी गई है। आज की छुट्टी के कारण इस कारोबारी सप्ताह में सिर्फ चार दिन ही ट्रेडिंग होगी। इसके अगले सप्ताह भी शेयर बाजार दो दिन बंद रहेगा। स्टॉक मार्केट में महावीर जयंती के कारण 31 मार्च को और गुड फ्राइडे की वजह से तीन अप्रैल को छुट्टी रहने वाली है। इस तरह अगले सप्ताह सिर्फ तीन दिन ही कारोबार होगा।
स्टॉक एक्सचेंज की ओर से जारी सर्कुलर में कहा गया है कि आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव्स, सिक्योरिटीज लेंडिंग एंड बौरोइंग (एसएलबी), करंसी डेरिवेटिव्स और इंटरेस्ट रेट डेरिवेटिव्स में कोई ट्रेडिंग नहीं होगी। इसके अलावा कमोडिटी डेरिवेटिव्स सेगमेंट में सुबह का सत्र भी बंद रहेगा।
राम नवमी की छुट्टी होने के कारण मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में भी आज सुबह के सत्र में किसी भी तरह का कोई कारोबार नहीं होगा, एमसीएक्स पर ट्रेडिंग पूरी तरह से बंद रहेगी। मतबल आज कमोडिटी मार्केट में सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक ट्रेडिंग नहीं होगी। हालांकि शाम के सत्र में पांच बजे से रात 11:30 या 11:55 बजे तक सामान्य दिनों की तरह ही ट्रेडिंग होगी।
स्टॉक मार्केट के हॉलीडे कैलेंडर के मुताबिक साल 2026 में जनवरी से लेकर दिसंबर तक शनिवार और रविवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा कुल 16 दिन छुट्टी रहने वाली है। पूरे साल के दौरान सबसे अधिक छुट्टी मार्च के महीने में दी गई है। मार्च के महीने में आज के पहले तीन मार्च को होली की छुट्टी थी, जबकि महीने के आखिरी दिन 31 तारीख को श्री महावीर जयंती के कारण छुट्टी रहने वाली है।
मार्च के बाद 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे की छुट्टी रहेगी, जबकि 14 अप्रैल को डॉक्टर बाबासाहेब अंबेडकर जयंती के कारण स्टॉक मार्केट बंद रहेगा। इसी तरह एक मई को महाराष्ट्र दिवस के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा, जबकि 28 मई को स्टॉक मार्केट में बकरीद की छुट्टी रहेगी। जून के महीने में सिर्फ एक दिन 26 जून को मोहर्रम के कारण स्टॉक मार्केट में कारोबार नहीं होगा।
इस हॉलीडे कैलेंडर के मुताबिक जुलाई और अगस्त में स्टॉक मार्केट में साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा और कोई छुट्टी नहीं होगी। सितंबर के महीने में 14 तारीख को गणेश चतुर्थी की छुट्टी होगी, जबकि अक्टूबर के महीने में 2 तारीख को महात्मा गांधी जयंती के कारण स्टॉक मार्केट में कोई कारोबार नहीं होगा।
इसी महीने 20 तारीख को स्टॉक मार्केट में दशहरा की छुट्टी होगी, जबकि 10 नवंबर को दिवाली और बलि प्रतिपदा के कारण स्टॉक मार्केट में छुट्टी रहेगी। नवंबर के महीने में 24 तारीख को श्री गुरु नानक देव गुरु परब की छुट्टी रहेगी। इसी तरह साल के आखिरी महीने दिसंबर में 25 तारीख को क्रिसमस की छुट्टी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक