नारी का हर क्षेत्र में अग्रणी होना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश : संजय शुक्ला

27 Mar 2026 19:37:53
टीम


दीप प्रज्ज्वलित करते अतिथिगण


-पतंजलि ऋषिकुल में ‘अस्मिता-खेलो इंडिया’ महिला वॉलीबॉल लीग का शुभारम्भ

प्रयागराज, 27 मार्च (हि.स.)। पतंजलि ऋषिकुल विद्यालय में शुक्रवार को दो दिवसीय अंतरविद्यालयी खेल प्रतियोगिता ‘अस्मिता-खेलो इंडिया’ महिला वॉलीबॉल लीग 2026 का उद्घाटन विद्यालय में हुआ। इस ओपन टूर्नामेंट में प्रयागराज जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं कॉलेजों से आई हुई 16 टीमों ने वॉलीबॉल खेल में प्रतिभाग किया।

खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा समर्थित निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव महासचिव संजय शुक्ला ने कहा कि आज की नारी हर क्षेत्र में अग्रणी है और खेल के क्षेत्र में भी उसकी भागीदारी समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। उन्होंने छात्राओं को खेल भावना, अनुशासन और आत्म विश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विशिष्ट अतिथियों में जिला वालीबाल संघ प्रयागराज के सचिव आर.पी शुक्ला, वरुण मिश्रा, केबीएल श्रीवास्तव, विद्यालय के प्रधानाचार्य नित्यानंद सिंह, पतंजलि नर्सरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका विभा श्रीवास्तव, अन्य विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य, 16 विद्यालयों एवं कॉलेजों से आए पीटीआई और कोच, अभिभावकगण, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं सम्मिलित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य नित्यानंद सिंह ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की खेल गतिविधियों एवं छात्रों की उपलब्धियों की संक्षिप्त रिपोर्ट साझा की। उन्होंने खेलों के महत्व एवं छात्राओं के सर्वांगीण विकास में इस प्रतियोगिता की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मोबाइल, लैपटॉप के जमाने में खेल का महत्व और भी बढ़ गया है। खेल भावना वर्तमान में रहते हुए जीवन जीने की कला सिखाता है।

प्रधानाचार्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश का प्रयागराज उन पांच प्रमुख शहरों में से एक है जहां इस राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इन पाँचों शहरों से चयनित सर्वश्रेष्ठ टीमें आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश का गौरवपूर्ण प्रतिनिधित्व करेंगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित सम्मान समारोह में अतिथियों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन हेतु पतंजलि ऋषिकुल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक गीत एवं नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

विद्यालय की उपाध्यक्ष डॉ. कृष्णा गुप्ता ने अपने प्रेषित संदेश में समस्त विद्यालय परिवार को इस अंतरविद्यालयी खेल प्रतियोगिता के कुशल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने खेल के महत्व को बताते हुए अनुशासन और परिश्रम पर बल दिया तथा समस्त विद्यालय परिवार को आगे हमेशा सफल होने की शुभकामनाएं दी।

विद्यालय की निदेशिका रेखा बैद एवं सचिव यशोवर्धन ने छात्राओं द्वारा खेल प्रतिस्पर्धाओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के उत्साह एवं लगन की सराहना की तथा सदैव उत्तरोत्तर उन्नति के मार्ग में आगे बढ़ते रहने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने समस्त विद्यालय परिवार को बधाई दी और भविष्य में भी खेलों के प्रति अपनी रुचि और उत्साह को बनाए रखकर निरंतर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Powered By Sangraha 9.0