बरेली पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, दफ्तर खाली कराकर की गई सघन जांच

27 Mar 2026 15:48:53
बरेली के डीडीपुरम स्थित प्रदर्शनी नगर में पासपोर्ट कार्यालय परिसर, जहां बम धमकी के बाद पुलिस ने खाली कराकर सघन जांच की।


बरेली, 27 मार्च (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के बरेली शहर के डीडीपुरम स्थित प्रदर्शनी नगर में पुराने पासपोर्ट कार्यालय को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल सुबह करीब 11:15 बजे कार्यालय की आधिकारिक आईडी पर पहुंचा। मेल पढ़ते ही अधिकारियों के बीच अफरातफरी मच गई और तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराया गया। पासपोर्ट बनवाने आए आवेदकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर परिसर के बाहर भेजा गया। साथ ही आसपास के इलाके में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने कार्यालय भवन के हर हिस्से की सघन तलाशी शुरू की। कमरों, गलियारों और संदिग्ध स्थानों की बारीकी से जांच की गई। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।

अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई आवेदक घबराकर दूर चले गए, जबकि कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि “धमकी भरा ईमेल मिलते ही हमने तत्काल पुलिस को सूचना दी और एहतियात के तौर पर पूरे कार्यालय को खाली करा दिया। सभी कर्मचारियों और आवेदकों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।”

पुलिस के मुताबिक धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल जांच जारी है और पुलिस हर पहलू पर बारीकी से पड़ताल कर रही है, ताकि इस घटना के पीछे की सच्चाई सामने लाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार

Powered By Sangraha 9.0