आईएफएफडी के दौरान दिल्ली पर्यटन एवं प्रसार भारती के बीच एमओयू

27 Mar 2026 23:19:53
एमओयू  के दौरान दिल्ली पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। दिल्ली को मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम लिमिटेड और प्रसार भारती के बीच शुक्रवार को आईएफएफडी के दौरान भारत मंडपम में एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली में मौजूद विशाल प्रतिभा, तकनीकी कौशल और रचनात्मक ऊर्जा को ध्यान में रखते हुए राजधानी को देश और दुनिया के निवेशकों, निर्माताओं और क्रिएटिव पेशेवरों के लिए एक आकर्षक केंद्र बनाएंगे।

इस समझौते के तहत दिल्ली को एक अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड फिल्म, टेलीविजन एवं मीडिया हब के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना फिल्म, टेलीविजन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक्स (एवीजीसी) सहित मीडिया एवं डिजिटल कंटेंट निर्माण के सभी आधुनिक आयामों को एक ही मंच पर लाने का कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल राजधानी को एक ग्लोबल मीडिया और एंटरटेनमेंट हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प ‘मेक इन इंडिया’ एवं रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

यह परियोजना न केवल आधुनिक स्टूडियो, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाओं और एवीजीसी हब को विकसित करेगी, बल्कि कौशल विकास, प्रशिक्षण और नवाचार के लिए भी एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करेगी। इससे युवाओं को नए रोजगार के अवसर मिलेंगे और दिल्ली की रचनात्मक अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए दोनों संस्थाओं के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समन्वय समिति का गठन किया जाएगा, जो योजना, वित्तपोषण और कार्यान्वयन की प्रक्रिया की निगरानी करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Powered By Sangraha 9.0