श्रीनगर, 27 मार्च (हि.स.)। लद्दाख क्षेत्र के जोजिला दर्रे पर शुक्रवार को हुए भीषण हिमस्खलन में बड़ा हादसा हो गया। एक यात्री वाहन हिमस्खलन की चपेट में आकर बर्फ में दब गया, जिससे कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, वाहन अचानक आए भारी हिमस्खलन के कारण पूरी तरह बर्फ के नीचे दब गया। घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। मलबे से शवों को निकालने और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने का कार्य जारी रहा। घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।
लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि उन्हें जोजिला में हुए हिमस्खलन की जानकारी मिलते ही उन्होंने कारगिल के उपायुक्त (डीसी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि आपदा राहत बलों और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) सहित सभी संबंधित एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि बचाव कार्य तेजी से पूरा किया जा सके।
उपराज्यपाल ने यह भी कहा कि वे स्वयं स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
अधिकारियों के अनुसार, कठिन मौसम और बर्फीले हालात के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन राहत और निकासी कार्य लगातार जारी है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह