पश्चिम एशिया संकट के कारण धड़ाम हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी गिरावट

27 Mar 2026 17:43:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 27 मार्च (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार आज एक बार फिर भारी गिरावट का शिकार हो गया। कमजोर ग्लोबल संकेतों और पश्चिम एशिया संकट को लेकर बनी अनिश्चितता की स्थिति की वजह से आज घरेलू शेयर बाजार के निवेशकों का भरोसा डगमगाता हुआ नजर आया, जिसकी वजह से पूरे दिन बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में गिरावट का रुझान बना रहा। दिन भर के कारोबार के बाद सेंसेक्स 2.25 प्रतिशत और निफ्टी 2.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान स्टॉक मार्केट के सभी सेक्टोरल इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आए। पीएसयू बैंक और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में आज सबसे अधिक बिकवाली होती रही, जिसके कारण पीएसयू बैंक इंडेक्स और रियल्टी इंडेक्स तीन प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गए। इसी तरह कंज्यूमर ड्युरेबल्स, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स और प्राइवेट बैंक इंडेक्स में भी करीब दो प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा आईटी, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और टेक इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए।

इस गिरावट का असर सिर्फ लार्ज कैप और ब्लू चिप शेयरों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरा बाजार व्यापक बिकवाली का गवाह बन। ब्रॉडर मार्केट में लगातार हुई बिकवाली की वजह से निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 2.23 प्रतिशत टूट गया। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.74 प्रतिशत की गिरावट के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई कमजोरी के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में करीब नौ लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 422.12 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 431.01 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 8.89 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,501 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 822 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 3,542 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 137 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 3,042 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 374 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,668 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से तीन शेयर बढ़त के साथ और 27 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से छह शेयर हरे निशान में और 44 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 389.66 अंक की कमजोरी के साथ 74,883.79 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर यह सूचकांक मामूली उछाल के साथ 74,904.91 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद बाजार में बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी लगातार बढ़ती चली गई।

लगातार हो रही बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,739.04 अंक लुढ़क कर 73,534.41 अंक के स्तर तक गिर गया। अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट की वजह से हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स निचले स्तर से करीब 50 अंक की सांकेतिक रिकवरी कर 1,690.23 अंक की गिरावट के साथ 73,583.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 132.90 अंक टूट कर 23,173.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद खरीदारी का सपोर्ट मिलने से यह सूचकांक मामूली रिकवरी कर 23,186.10 अंक के स्तर तक पहुंचा। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से निफ्टी की गिरावट बढ़ने लगी। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली का जोर बनाने की कोशिश भी करते रहे, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर ज्यादा असर नहीं पड़ सका।

बाजार में लगातार जारी बिकवाली के कारण आज का कारोबार खत्म होने के कुछ मिनट पहले निफ्टी 501.90 अंक फिसल कर 22,804.55 अंक के स्तर तक आ गया। अंत में दिन के सौदों के निपटारे की वजह से हुई खरीदारी के कारण यह सूचकांक निचले स्तर से थोड़ा सुधर कर 486.85 अंक की कमजोरी के साथ 22,819.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से ओएनजीसी 4.35 प्रतिशत, विप्रो 1.35 प्रतिशत, टीसीएस 0.52 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.49 प्रतिशत और कोल इंडिया 0.30 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस 5.46 प्रतिशत, टीएमपीवी 4.64 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 4.60 प्रतिशत, इंटरग्लोब एवियशन 4.55 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस 4.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0