देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित देहरादून अंडर-19 डिस्ट्रिक्ट लीग में निंबस क्रिकेट एकेडमी और न्यू एरा क्रिकेट एकेडमी ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिये।
शुक्रवार काे दून स्ट्राइकर्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड-2 में खेले गए मैच में निंबस क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 39 ओवर में 8 विकेट पर 239 रन बनाए। टीम के लिए विशाल पांडेय (65) और हर्षवर्धन (63) ने अहम पारियां खेलीं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दून स्ट्राइकर्स क्रिकेट एकेडमी की टीम 15.5 ओवर में 53 रन पर सिमट गई। निंबस की ओर से प्रियांशु सिंह ने 4, अंकित कुमार ने 3 विकेट लिये।
एक अन्य मैच में जीडी गोयंका क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए मुकाबले में न्यू एरा क्रिकेट एकेडमी ने गलैंट क्रिकेट क्लब को 9 विकेट से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गलैंट टीम 21.3 ओवर में 77 रन पर ऑलआउट हो गई। न्यू एरा की ओर से सृजन रावत ने 5 और कार्तिकेय रावत ने 3 विकेट झटके। जवाब में न्यू एरा क्रिकेट एकेडमी ने 8.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया, जिसमें समर्थ सेमवाल (43) और भव्या लखेडा (नाबाद 32) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय