मनामा, 28 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और सुरक्षा खतरों को देखते हुए बहरीन सरकार ने देशभर में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यह फैसला ईरान से जुड़े क्षेत्रीय हालात और संभावित जोखिमों के मद्देनजर लिया गया है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि अब किसी भी उद्देश्य—चाहे वह व्यावसायिक हो, निजी हो या मनोरंजन से जुड़ा—के लिए ड्रोन के उपयोग की अनुमति नहीं होगी। मंत्रालय ने कहा कि यह कदम देश की सुरक्षा को मजबूत करने और नागरिकों की जान-माल की रक्षा के लिए उठाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह प्रतिबंध अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा। सरकार ने यह भी संकेत दिया है कि सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद ही इस फैसले में कोई बदलाव किया जाएगा।
सरकार ने नियमों के उल्लंघन को लेकर कड़ी चेतावनी भी जारी की है। बयान में कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति इस आदेश की अनदेखी करता है, तो उसके ड्रोन को तुरंत निष्क्रिय या गिरा दिया जाएगा और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय