
नोएडा, 28 मार्च (हि.स.)। भारत सरकार के कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीए) द्वारा राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में आयोजित होने वाली देश की सबसे बड़ी कौशल प्रतियोगिता, 'इंडियास्किल्स नेशनल कॉम्पिटिशन 2025-26', का भव्य आयोजन रविवार को उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा।
उत्तर प्रदेश में इस बड़े आयोजन को सफल बनाने में योगी सरकार का महत्वपूर्ण योगदान है। राज्य सरकार प्रदेश को स्किल डेवलपमेंट का हब बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है और इस तरह के आयोजनों से युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
यह द्विवार्षिक प्रतियोगिता देश के प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी दक्षता प्रदर्शित करने और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने का एक अद्वितीय मंच प्रदान करती है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले असम, गुजरात, तेलंगाना, ओडिशा और उत्तर प्रदेश की रीजनल प्रतियोगिता हो चुकी है, जिसमें उत्तर प्रदेश के 40 प्रतिभागियों ने हुनर दिखाया था। इनमें से 16 प्रतिभागियों ने अलग-अलग मेडल अपने नाम किए थे।
इंडियास्किल्स नेशनल कॉम्पिटिशन 2025-26 के अंतर्गत उद्घाटन समारोह 29 मार्च 2026 को दोपहर 3 से 5 बजे तक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रतियोगिता 30 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक इंडिया एक्सपो मार्ट के हॉल 9 से 12 में आयोजित होगी, जहां देशभर के प्रतिभागी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का समापन समारोह 2 अप्रैल 2026 को दोपहर 3 से 5 बजे तक हॉल 9, इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिता में देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 650 से अधिक युवा प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं, जो कुल 63 विभिन्न कौशलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतियोगिता के साथ-साथ रोबोटिक्स, 'ग्रीन स्किल्स' और भविष्य के रोजगार जैसे समसामयिक विषयों पर विशेष ज्ञान-सत्र और चर्चाएं भी आयोजित होंगी। इसमें फानूस, फेस्टो, आटो डेस्क और डीएमजी मोरी जैसी वैश्विक स्तर की प्रतिष्ठित कंपनियां अपने अनुभव और तकनीकी जानकारी साझा करेंगी।
भारत सरकार और कौशल विकास मिशन ने इस आयोजन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों से इसमें सहयोग और सहभागिता की अपील की है, ताकि युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त हों और वे राष्ट्र निर्माण में अपना प्रभावी योगदान दे सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी